डीईओ-डीपीसी-परीक्षा प्रभारी की सख्ती: 64 केन्द्रों पर चाक-चौबंद इंतजाम, नकल शून्य
258 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर, कैमिस्ट्री-इतिहास सहित 6 विषयों की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
कुलदीप आर्य -ब्यूरो शिवपुरी/माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं का सिलसिला जारी है। बुधवार को जिले के 64 परीक्षा केन्द्रों पर कक्षा 12वीं के छह महत्वपूर्ण विषयों विज्ञान संकाय का रसायनशास्त्र (कैमिस्ट्री), कला संकाय का इतिहास, कॉमर्स का व्यवसाय अध्ययन, कृषि संकाय का एलिमेंट ऑफ साइंस एंड मैथमेटिक्स यूजफुल फॉर एग्रीकल्चर सहित अन्य विषयों के प्रश्नपत्र आयोजित हुए। कुल 14,491 नामांकित परीक्षार्थियों में से 14,233 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 258 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सख्त व्यवस्थाओं और सतत निगरानी के चलते जिले में एक भी नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ, जिससे परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और प्रशासनिक सतर्कता स्पष्ट नजर आई।
उड़नदस्तों की पैनी नजर, अधिकारियों का मैदानी दौरा
परीक्षा शुरू होने से पहले ही जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-1 परीक्षा केन्द्र पहुंच गए। यहां उन्होंने परीक्षार्थियों की सर्चिंग प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। इसके बाद उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-2 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीईओ ने नरवर के संदीपनी उमावि केन्द्र तथा मगरौनी के एकीकृत उमावि केन्द्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार ने एपीसी अतरसिंह राजौरिया के साथ करैरा के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, संदीपनी उमावि एवं दिनारा के उमावि व मावि केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य ने शहर के तात्याटोपे हाईस्कूल (फिजीकल), उत्कृष्ट उमावि, उमावि क्रमांक-2, कन्या उमावि कोर्ट रोड एवं बाल शिक्षा निकेतन केन्द्र का निरीक्षण किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे की टीम ने शिवपुरी पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्यापीठ, बाल शिक्षा निकेतन, एमीनेंट पब्लिक स्कूल एवं कन्या उमावि सदर बाजार केन्द्रों का जायजा लिया।
आईटी ट्रैकिंग से प्रश्नपत्र वितरण पर नजर
उत्कृष्ट विद्यालय के आईटी सेल प्रभारी एवं प्राचार्य विनोद जैन द्वारा प्रश्नपत्र वितरण की ऑनलाइन ट्रैकिंग की गई। एप के माध्यम से थानों से प्रश्नपत्र प्राप्त कर केन्द्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया ट्रैकिंग डिवाइस से मॉनिटर की गई और रिपोर्ट वरिष्ठ कार्यालय को भेजी गई। इसके अतिरिक्त पिछोर एसडीएम ममता शाक्य सहित करैरा, कोलारस, पोहरी, शिवपुरी के एसडीएम ने भी अपने-अपने अनुविभागों के कई केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।
विकासखण्डवार अनुपस्थित परीक्षार्थी
जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य के अनुसार कुल 258 अनुपस्थित विद्यार्थियों में शिवपुरी विकासखण्ड में 68, करैरा में 57, पिछोर में 51, कोलारस में 26, नरवर में 19, पोहरी में 18, खनियांधाना में 11 एवं बदरवास में 8 हैं। वहीं सबसे अधिक अनुपस्थिति शिवपुरी और करैरा विकासखण्ड में दर्ज की गई। बोर्ड परीक्षा के अगले चरण में गुरुवार को कक्षा 10वीं का संस्कृत एवं 12वीं का मनोविज्ञान विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया जाएगा।
इनका कहना है
बुधवार को हायर सेकेण्डरी के रसायनशास्त्र व इतिहास सहित अन्य विषयों की परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। विभागीय उड़नदस्तों के साथ सभी अनुविभागीय अधिकारियों के पैनल सतत निरीक्षण करते रहे। जिले में कहीं भी नकल का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।-विवेक श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी


Social Plugin