Ad Code

Responsive Advertisement

गर्भवती महिलाओं की जांच व आयुष्मान कार्ड में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: 2 सीएचओ, 1 एएनएम और 1 आशा सहयोगिनी को जारी हुए कारण बताओ नोटिस

गर्भवती महिलाओं की जांच व आयुष्मान कार्ड में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: 2 सीएचओ, 1 एएनएम और 1 आशा सहयोगिनी को जारी हुए कारण बताओ नोटिस



शिवपुरी। 
गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, ऑनलाइन पंजीयन एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण में लापरवाही बरतने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के निर्देश पर 2 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), 1 एएनएम और 1 आशा सहयोगिनी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर द्वारा 13 फरवरी 2026 को शिवपुरी विकासखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सतनवाडा के अंतर्गत आने वाले ग्राम सकलपुर एवं नोहरीकलां स्थित आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

सकलपुर में मिली गंभीर खामियां

ग्राम सकलपुर में पदस्थ सीएचओ सुश्री ज्योति माहौर पूर्व सूचना के बावजूद अनुपस्थित पाई गईं। गर्भवती महिलाओं में एनीमिया दूर करने हेतु लगाए जाने वाले एफसीएम इंजेक्शन आयुष्मान आरोग्य केन्द्र पर न लगाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजकर लगवाए जा रहे थे, जिससे महिलाओं को अनावश्यक रूप से गांव से बाहर यात्रा करनी पड़ी। सकलपुर क्षेत्र में एचआईएमएस पोर्टल पर 103 गर्भवती महिलाओं की एंट्री दर्ज है, जबकि अनमोल पोर्टल पर केवल 65 महिलाओं का पंजीयन पाया गया। इससे हितग्राहियों को मिलने वाले शासकीय लाभ प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसी केन्द्र पर पदस्थ एएनएम सुश्री निरंजना खत्री व्हीएचएनडी कार्य छोड़कर केन्द्र पर उपस्थित मिलीं। फरवरी माह में मात्र 5 एएनसी जांच दर्ज होना और एएनसी विवरण व मॉडरेट एनीमिया संबंधी जानकारी का अभाव गंभीर लापरवाही माना गया। आशा सहयोगिनी सुश्री विनिता रावत द्वारा आयुष्मान कार्ड निर्माण में भी अत्यंत कम प्रगति पाई गई। ग्राम सकलपुर में 37, चांड में 23, पडवा में 11, रैपुरा में 13 तथा पवा में मात्र 1 सहरिया समुदाय का आयुष्मान कार्ड बनाया गया, जिसे असंतोषजनक माना गया।

नोहरीकलां में भी अनियमितताएं

ग्राम नोहरीकलां स्थित आयुष्मान आरोग्य केन्द्र में पदस्थ सीएचओ सुश्री प्रगति मौर्य निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलीं। यहां भी एफसीएम इंजेक्शन केन्द्र पर न लगाकर सीएचसी में लगाए जाने की पुष्टि हुई। एचआईएमएस पोर्टल पर 187 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच दर्ज है, जबकि अनमोल पोर्टल पर केवल 145 एएनसी प्रविष्टियां पाई गईं, जो डेटा प्रबंधन में गंभीर लापरवाही दर्शाता है।

जवाबदेही तय, विभाग सख्त

इन सभी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सीएचओ, एएनएम एवं आशा सहयोगिनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

breaking news

Close Menu