Ad Code

Responsive Advertisement

दिनदहाड़े वकील की गोली मारकर हत्या: कोर्ट जाते समय हमला, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े वकील की गोली मारकर हत्या: कोर्ट जाते समय हमला, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल


शिवपुरी। करैरा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात करैरा कोर्ट के पास किले के पीछे आनंद सागर मंदिर के समीप सिद्धन रोड पर हुई। मृतक की पहचान घिरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार निवासी एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना के रूप में हुई है। वे रोज की तरह अपनी बाइक से न्यायालय जा रहे थे, तभी सुनसान मार्ग पर पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर अचानक आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी किसी वाहन से आए थे या पैदल थे। कुछ देर बाद उसी मार्ग से गुजर रहे एक अन्य अधिवक्ता की नजर सड़क पर गिरे संजय सक्सेना पर पड़ी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही करैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन घटना के कई घंटे बाद भी हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के चलते चार लोगों ने इस हत्या को अंजाम दिया है। उनका कहना है कि पूर्व में भी विवाद को लेकर धमकियां दी जा चुकी थीं, लेकिन पुलिस ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की। इस घटना के बाद स्थानीय अधिवक्ताओं और नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बार एसोसिएशन ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की हत्या ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। न्यायालय परिसर के समीप हुई इस वारदात से आम नागरिकों में भय का माहौल है। यदि न्याय की लड़ाई लड़ने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?

breaking news

Close Menu