Ad Code

Responsive Advertisement

पोहरी में इलाज के दौरान महिला की मौत, भीम आर्मी जिला उपाध्यक्ष अखेराज शाक्य पीड़ित को न्याय दिलाने पहुंचे थाने

पोहरी में इलाज के दौरान महिला की मौत, भीम आर्मी जिला उपाध्यक्ष अखायराज शाक्य पीड़ित को न्याय दिलाने पहुंचे थाने
कुलदीप आर्य शिवपुरी पोहरी (शिवपुरी)
पोहरी/ थाना क्षेत्र में एक निजी डॉक्टर पर लापरवाही से इलाज करने का गंभीर आरोप सामने आया है। ग्राम देवरीखुर्द निवासी बंटी जाटव की पत्नी सीमा जाटव की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष अखायराज शाक्य पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पोहरी थाने पहुंचे और प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित बंटी जाटव के अनुसार, उनकी पत्नी सीमा जाटव को सर्दी-खांसी की शिकायत थी, जिस पर वे पोहरी स्थित डॉ. ए.के. राय के क्लीनिक पर इलाज कराने गए थे। आरोप है कि डॉक्टर ने बिना किसी प्रकार की जांच किए इंजेक्शन लगा दिया, जिससे इंजेक्शन लगते ही सीमा जाटव बेहोश हो गईं। स्थिति बिगड़ने पर डॉ. ए.के. राय उन्हें अपने निजी वाहन से शिवपुरी ले गए, लेकिन रास्ते में ही सीमा जाटव ने दम तोड़ दिया।

इसके बाद जिला चिकित्सालय शिवपुरी में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के उपरांत डॉ. ए.के. राय के विरुद्ध अप्राकृतिक मृत्यु के तहत बीएनएसएस की धारा 194 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि घटना के बाद से संबंधित डॉक्टर फरार रहा, हालांकि वह खुलेआम घूमता देखा जा रहा है।

पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि डॉक्टर और उसके कथित सहयोगियों द्वारा लगातार राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है और धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

भीम आर्मी जिला उपाध्यक्ष अखायराज शाक्य ने कहा कि यह मामला गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का है और यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता का स्वास्थ्य व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से डॉक्टर की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व न्याय दिलाने की मांग की।

फिलहाल, मामला दर्ज होने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।

breaking news

Close Menu